गाजियाबाद से आ रहा युवक बस में जहरखुरानी का शिकार हुआ, हरिद्वार बस स्टेशन पर होश आया, एम्स में चल रहा इलाज
गाजियाबाद से घर लौट रहा एक युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। युवक का बैग, एटीएम कार्ड और मोबाइल भी गायब है। होश आने पर युवक हरिद्वार से किसी की मदद से एम्स ऋषिकेश पहुंचा, जहां इलाज चल रहा है।
अगस्त्यमुनि ब्लॉक के तल्लानागपुर के ग्राम पंचायत डांगी-गुनाऊं के कोयलपुर गांव निवासी 36 वर्षीय अनूप रौतेला गाजियाबाद में किसी होटल में नौकरी करते हैं। रविवार रात 10 बजे वह गाजियाबाद से घर आने के लिए बस में सवार हुए। उन्होंने पिता और पत्नी को फोन कर सूचना दे दी थी। सोमवार सुबह पिता भरत सिंह रौतेला ने जब अनूप के मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। कई बार संपर्क करने के बाद भी जब बात नहीं हो पाई तो वह परेशान हो गए। उन्होंने बड़े पुत्र अनिल जो देहरादून में रहते हैं, को फोन कर चिंता बताई। उन्होंने तत्काल पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। बाद में पता चला कि अनूप जहरखुरानी के शिकार हो गए और उनका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। उनकी हालत में अब सुधार है। युवक के पिता ने बताया कि अनूप के एटीएम कार्ड से 14500 रुपये दो बार में निकाले गए हैं। साथ ही मोबाइल और बैग भी चोरी गायब है।


एक टिप्पणी भेजें