Mahesh Joshi Death:प्रॉपर्टी डीलर की मौत के बाद हंगामा, जनता में आक्रोश; सुसाइड नोट में लिखा पटवारी का नाम

 

Mahesh Joshi Death:प्रॉपर्टी डीलर की मौत के बाद हंगामा, जनता में आक्रोश; सुसाइड नोट में लिखा पटवारी का नाम


लालकुआं के समाजसेवी महेश जोशी की बरेली अस्पताल में संदिग्ध मौत हो गई। उन्होंने तहसील में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसमें उन्होंने पटवारी पूजा रानी का नाम सुसाइड नोट में लिखा था। 

लालकुआं क्षेत्र के समाजसेवी एवं प्रॉपर्टी डीलर महेश जोशी की बरेली राममूर्ति अस्पताल में सोमवार को मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में तहसील में जहर खाकर आत्महत्या के प्रयास के बाद उन्हें बरेली रेफर किया गया था। उनकी मौत के बाद सोमवार को लालकुआं में स्थानीय निवासियों ने परिवारजनों के साथ कोतवाली के बाहर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोग पटवारी पूजा रानी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे, जिनका नाम मृतक जोशी सुसाइड नोट में लिखकर छोड़ गए थे। देर शाम मुकदमा दर्ज करने और पटवारी की गिरफ्तारी का वीडियो कॉल पर दृश्य दिखाए जाने के बाद ग्रामीण शव उठाने को राजी हुए।

बता दें कि 20 सितंबर को समाजसेवी महेश शर्मा ने लालकुआं तहसील परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया था। तहसील के समीप उन्हें अर्ध बेहोशी की हालत में वाहन के पास पाया गया था। उन्हें पहले हल्द्वानी और फिर भोजीपुरा स्थित राम मूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना था कि मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों को ठहराया है।

चार घंटे तक कोतवाली में अड़े रहे ग्रामीण
लालकुआं कोतवाल दिनेश सिंह फर्त्याल और पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण पटवारी की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। बाद में मौके पर हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम लालकुआं, पुलिस क्षेत्राधिकारी लालकुआं और क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। इसके बावजूद ग्रामीण बिना पटवारी की गिरफ्तारी के धरना खत्म करने को तैयार नहीं हुए।

गिरफ्तारी का दृश्य वीडियो कॉल पर दिखाया गया
ग्रामीणों के दबाव के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पटवारी पूजा रानी को रामनगर पुलिस की ओर से गिरफ्तार किया गया। ग्रामीणों को वीडियो कॉल के माध्यम से यह दिखाया गया। इसके बाद ग्रामीण रात लगभग 9 बजे धरनास्थल से उठे और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए।

0/Post a Comment/Comments

Follow Us