भालू से भिड़ गया सरोप सिंह: जबड़ों को पकड़ बचाई जान, शिक्षा मंत्री ने अस्पताल पहुंच बढ़ाया हौसला

 भालू से भिड़ गया सरोप सिंह: जबड़ों को पकड़ बचाई जान, शिक्षा मंत्री ने अस्पताल पहुंच बढ़ाया हौसला




श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पैठानी इलाके के खंड मल्ला गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मवेशी चराने गए 33 वर्षीय सरोप सिंह पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। जंगल के किनारे हुए इस खौफनाक संघर्ष में सरोप सिंह ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए भालू से सीधा मुकाबला कर अपनी जान बचाई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल लाया गया, जहां सर्जरी विभाग की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


शुक्रवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत जी भी बेस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल सरोप सिंह का हालचाल जाना और उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में जिस बहादुरी से उन्होंने अपनी जान बचाई, वह प्रेरणादायक है। मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।


इस दौरान शिक्षा मंत्री ने आर्थो विभाग में भर्ती पैठानी निवासी वीरेंद्र कंडारी का भी हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि सरोप सिंह रोज की तरह घर के पास मवेशियों को चराने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर एक भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। भालू के हमले से घबराने के बजाय सरोप सिंह ने साहस दिखाते हुए उसका मुकाबला किया। संघर्ष इतना जबरदस्त था कि उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए भालू के दोनों जबड़ों को पकड़ लिया। काफी देर तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हल्ला मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
हालांकि इस दौरान भालू ने सरोप सिंह के हाथ और सिर पर गंभीर घाव कर दिए। खून से लथपथ हालत में ग्रामीण उन्हें तत्काल बेस अस्पताल श्रीनगर लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया गया।


बेस अस्पताल के सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. धनंजय डोभाल के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम घायल के इलाज में जुटी हुई है। डॉ. डोभाल ने बताया कि भालू के हमले से मरीज को कई गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार और आवश्यक सर्जिकल ट्रीटमेंट कर दिया गया है। संक्रमण और घावों की निगरानी के लिए मरीज को डॉक्टरों की देखरेख में भर्ती रखा गया है।
इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ सतीश कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, भाजपा वरिष्ठ नेता मातबर रावत, आयुष मियां, अंकित रावत सहित अन्य स्टाफ मौजूद था।

0/Post a Comment/Comments

Follow Us