फूलचट्टी में महिला को बचाते हुए युवक गंगा में डूबा, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी, नहीं लगा पता
ऋषिकेश के फूलचट्टी क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्वालियर से परिवार संग घूमने आए 30 वर्षीय शैलेन्द्र महावी गंगा नदी में डूबकर लापता हो गए। घटना सुबह करीब 9:30 बजे ह्यूंल नदी के मुहाने पर हुई।
जानकारी देते हुए एसडीआरएफ ढालवाला टीम के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि शैलेन्द्र का परिवार फूलचट्टी के पास गंगा में स्नान कर रहा था। यह स्थान प्रशासन द्वारा असुरक्षित घोषित है और यहां स्नान प्रतिबंधित है। इसी दौरान परिवार की 33 वर्षीय महिला सदस्य रेनू गुर्जर अचानक तेज बहाव में बहने लगीं। उन्हें डूबता देख शैलेन्द्र बिना एक पल गंवाए बचाने के लिए नदी में कूद गए। महिला तो किसी तरह सुरक्षित बाहर आ गईं, लेकिन शैलेन्द्र नदी की गहराई और तेज धार में बह गए।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। महिला को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। एसडीआरएफ की टीम संभावित क्षेत्रों में लगातार गहन तलाश कर रही है, पर अभी तक युवक का कोई पता नहीं चला है।
एसडीआरएफ की टीम ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि प्रतिबंधित घाटों पर स्नान न करें। नदी का बहाव कभी भी जानलेवा हो सकता है। चेतावनी बोर्डों का पालन करें और केवल सुरक्षित घाटों पर ही जाएं।


एक टिप्पणी भेजें