तुंगनाथ ट्रेक पर सेल्फी लेते हुए खाई में गिरी लड़की! कड़ी मशक्कत के बाद शव बरामद।

 तुंगनाथ ट्रेक पर सेल्फी लेते हुए खाई में गिरी लड़की! कड़ी मशक्कत के बाद शव बरामद।



देर रात तक सुनाई देती रही चीखने की आवाजें, अंधेरा और दुर्गम खाई बनी रेस्क्यू में बड़ी चुनौती

रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार तुंगनाथ की यात्रा पर आई एक महिला यात्री रविवार शाम गणेश मंदिर के समीप ट्रेक से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद देर रात तक खाई से महिला के चीखने की आवाजें सुनाई देती रहीं। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा, अत्यधिक गहरी खाई और दुर्गम भूभाग अभियान में बड़ी बाधा बन गए। रात करीब साढ़े 12 बजे अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में टीमों को सफलता मिली और महिला को खाई से बरामद कर लिया गया। महिला की पहचान की प्रक्रिया जारी है।


जानकारी के अनुसार रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के समीप महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेक से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ और तुंगनाथ क्षेत्र में तैनात आपदा मित्रों की टीम को तत्काल अलर्ट किया। टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर महिला की तलाश शुरू की।


महिला के खाई में गिरने के बाद काफी देर तक उसकी आवाजें सुनाई देती रहीं। इससे रेस्क्यू टीमों ने रात में ही उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास तेज कर दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी सूचना दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।


रात के अंधेरे में खाई की गहराई और बेहद जोखिमभरी परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने महिला तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन परिस्थितियां लगातार चुनौतीपूर्ण बनी रहीं। सुरक्षा को देखते हुए रात करीब 12:30 बजे अभियान स्थगित कर दिया गया।


जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए पुनः सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान महिला को खाई से बरामद कर लिया गया। महिला की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

0/Post a Comment/Comments

Follow Us