स्टेट रिव्यू मिशन की चार सदस्यीय टीम ने 12 चिकित्सा इकाईयों का किया निरीक्षण
तीन दिवसीय निरीक्षण के बाद डीएम व सीडीओ के समक्ष रखी रिपोर्ट
कमियों, उपलब्धियों और सुधार के बिंदुओं पर की चर्चा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) टीम ने जनपद में जिला चिकित्सालय सहित 12 चिकित्सा इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के उपरांत टीम ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर उन्हें निरीक्षण में सामने आए निष्कर्षों, उपलब्धियों, कमियों और सुधार की संभावनाओं से अवगत कराया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड की सहायक निदेशक डॉ. आकांक्षा निराला के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय टीम ने तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि एवं जखोली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ, तिलवाड़ा, बैनोली एवं सतेराखाल तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर खांखरा, कंडारा, भीरी, चोपता एवं तुनेटा का भ्रमण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि स्टेट रिव्यू मिशन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में निर्धारित मानकों के अनुपालन की समीक्षा करना तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सामने आने वाली कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम सुझाना है। इस प्रक्रिया से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीम ने निःशुल्क दवा एवं जांच सेवाओं, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं प्रबंधन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी), आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, जैव चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव एवं प्रबंधन तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की।
टीम ने चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और सेवाओं का जायजा लेने के साथ ही उनके निकटवर्ती गांवों में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, सुविधाओं के उपयोग और सेवाओं को लेकर उनके अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के समापन पर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष आयोजित समीक्षा बैठक में टीम ने निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों, बेहतर कार्यप्रणाली और सुधार की आवश्यकता वाले बिंदुओं को विस्तार से प्रस्तुत किया।
एसआरएम टीम में सहायक निदेशक डॉ. आकांक्षा निराला, स्टेट कंसल्टेंट एनटीईपी डॉ. विकास पांडे, स्टेट एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अंकिता ढौंडियाल और स्टेट कंसल्टेंट सीपीएचसी सूरत सिंह तोमर शामिल रहे। जिला स्तर से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी और सीपीएचसी कोऑर्डिनेटर विजय रावत भी निरीक्षण दल के साथ मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें