केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर संचालकों की सघन चेकिंग, नियम उल्लंघन पर चालानी कार्यवाही।
प्रचलित श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए केदारनाथ पैदल मार्ग पर पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा घोड़ा-खच्चर संचालकों एवं हॉकरों की लगातार सघन चेकिंग की जा रही है।
चेकिंग के दौरान घोड़ा-खच्चर संचालकों के आईडी कार्ड एवं लाइसेंस की जांच की जा रही है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि संचालक अपने निर्धारित रूट एवं लाइसेंस की निर्धारित श्रेणी के अनुरूप ही घोड़ा-खच्चरों का संचालन करें। यात्रियों की ढुलाई एवं माल/सामग्री की ढुलाई के लिए निर्धारित अलग-अलग लाइसेंस व्यवस्था का भी कड़ाई से अनुपालन कराया जा रहा है।
माल ढुलाई के लिए जारी लाइसेंस के आधार पर यात्रियों को घोड़ा-खच्चरों पर बैठाकर ले जाना नियमों का उल्लंघन है। चेकिंग के दौरान इस प्रकार के नियम उल्लंघन पाए जाने पर सम्बन्धित संचालकों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की जा रही है।
साथ ही, घोड़ा-खच्चरों के माध्यम से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से संचालकों के व्यवहार एवं सेवाओं के सम्बन्ध में फीडबैक भी लिया जा रहा है, ताकि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। श्रद्धालुओं से अभद्र व्यवहार अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
रुद्रप्रयाग पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर लगातार निगरानी एवं चेकिंग कर रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


एक टिप्पणी भेजें