भाजपा नेताओं की छवि खराब करने के आरोप में उर्मिला सनावर पर एक और मुकदमा

 भाजपा नेताओं की छवि खराब करने के आरोप में उर्मिला सनावर पर एक और मुकदमा





देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े बयानों को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सिक्किम के राज्यपाल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक आरोपों से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में उनके खिलाफ देहरादून में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस तरह के बयानों से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून के मोती बाजार निवासी सागर ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीबीआई अदालत के बाहर मीडिया के सामने दिए गए बयानों का वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार माध्यमों पर प्रसारित हुआ। इसमें सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, आरती गौड़ समेत अन्य लोगों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और व्यक्तिगत आरोप लगाए गए।

शिकायतकर्ता का कहना है कि कथित आरोपों से संबंधित व्यक्तियों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और समाज में भ्रम तथा वैमनस्य फैलने की आशंका पैदा हुई। शिकायत के आधार पर देहरादून की नगर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 


गौरतलब है कि उर्मिला सनावर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण को लेकर भी लगातार सुर्खियों में हैं। इससे पहले पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर भी उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उस शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, पांच करोड़ रुपये की मांग करने और धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। 

0/Post a Comment/Comments

Follow Us