जिला चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया गया निरीक्षण, एसएनसीयू का भी लिया जायजा
फायर टीम ने चिकित्सालय कर्मियों को दिया अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों पर जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा विभिन्न संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 03 नवम्बर 2026 को अग्निशमन अधिकारी फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग श्री शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में फायर टीम द्वारा जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया गया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, अग्नि सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्थाओं, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा प्रबन्धों की जांच की गई। विशेष रूप से नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए संचालित एसएनसीयू (Special Newborn Care Unit) का निरीक्षण कर वहां अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
फायर टीम द्वारा चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरुक करते हुए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग एवं संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि किसी भी आकस्मिक अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
रुद्रप्रयाग पुलिस सभी संस्थानों से अपील करती है कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें, अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखें तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।


एक टिप्पणी भेजें