अंकिता के हत्यारे के पिता और वकील पर मुकदमा, दून में जीरो एफआईआर
अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अंकिता की निजी वॉट्सएप चैट सार्वजनिक करने के मामले में दोनों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज हो गई है। बुधवार शाम करीब सात बजे अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर देहरादून के राजपुर थाने में यह मुकदमा दर्ज किया गया। अब मामले को हरिद्वार जिले में स्थानांतरित किया जाएगा।
इस कार्रवाई के पीछे अंकिता के माता-पिता का लगातार चल रहा विरोध प्रदर्शन रहा। परिवार बुधवार सुबह से गांधी पार्क में धरने पर बैठा था। उनके साथ सोशल एक्टिविस्ट योगिता भयाना भी मौजूद थीं। परिजनों की मांग थी कि विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। शाम को अंकिता के माता-पिता कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे और एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुरुगेशन से मुलाकात की। इसके बाद जीरो एफआईआर दर्ज की गई। धरने को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह ने भी समर्थन दिया।
विवाद की शुरुआत 15 नवंबर को हरिद्वार में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस से हुई थी। पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य ने अपने बेटे का मुकदमा लड़ रहे अधिवक्ता के साथ मीडिया के सामने अंकिता और जम्मू निवासी उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई बताई जा रही वॉट्सएप बातचीत के चार हजार से अधिक पन्नों का हवाला दिया था। उन्होंने दावा किया था कि अंकिता अपने माता-पिता और मित्र के व्यवहार से परेशान थी तथा उसकी मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। अंकिता के परिवार ने इस प्रस्तुति को बेटी की छवि खराब करने और चरित्रहनन की कोशिश बताया है।
परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि अंकिता और पुष्पदीप के बीच हुई बातचीत निजी थी और व्यक्तिगत विश्वास के आधार पर की गई थी। इसे सार्वजनिक माध्यमों से प्रसारित करने का कोई वैधानिक या न्यायोचित आधार नहीं था। शिकायत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत में हुई कार्यवाही का भी उल्लेख किया गया है। परिजनों के मुताबिक, बचाव पक्ष ने इसी निजी बातचीत के आधार पर अंकिता से जुड़े सवाल पूछने की कोशिश की थी, लेकिन अदालत ने उन्हें अप्रासंगिक मानते हुए मृतका की निजता और गरिमा से संबंधित ऐसे सवालों की अनुमति नहीं दी थी


एक टिप्पणी भेजें