बद्रीनाथ जा रहा टेंपो ट्रैवलर पलटा। महिला श्रद्धालु की मौत, 17 घायल
उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के बीच शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,टेंपो ट्रैवलर गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था। शुक्रवार सुबह जोशीमठ के समीप पैनी क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए प्रशासन को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस एसडीआरएफ एनडीआरएफ की टीम तत्काल पहुंची। ज्योर्तिमठ मठ कोतवाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में 18 लोग थे जिसमें से गाजियाबाद निवासी आरती सिंह की मौके पर ही मौत हो गई तथा 17 लोग घायल है। घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए भेजा गया है।


एक टिप्पणी भेजें