हुनर से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं पहाड़ की बेटियां
रुद्रप्रयाग। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार तथा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की पहल रंग ला रही है। 12 मई से संचालित 35 दिवसीय निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम में 35 महिलाएं एवं युवतियां रोजगारपरक कौशल सीखकर अपने भविष्य को नई दिशा देने में जुटी हैं। यह प्रशिक्षण आगामी 15 जून तक चलेगा।
मास्टर ट्रेनर आरती पाल के निर्देशन में चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ब्यूटी एवं वेलनेस क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान फेशियल, मेकअप, हेयर कटिंग, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर तथा अन्य सौंदर्य सेवाओं की बारीकियां सिखाई जा रही हैं, जिससे महिलाएं स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रशिक्षण का दायरा केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को मार्केटिंग, उत्पादन, बैंक ऋण की प्रक्रिया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे प्रशिक्षणार्थियों को अपना उद्यम स्थापित करने और उसे सफलतापूर्वक संचालित करने का मार्गदर्शन मिल रहा है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता यह है कि यह पूरी तरह निःशुल्क है। प्रतिभागियों के रहने, भोजन और प्रशिक्षण में प्रयुक्त होने वाले सभी ब्यूटी उत्पादों की व्यवस्था भी संस्थान की ओर से निशुल्क की गई है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को बिना किसी आर्थिक बोझ के प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
उत्तराखंड सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। इन पहलों से महिलाएं न केवल रोजगार प्राप्त कर रही हैं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ समाज और परिवार की आर्थिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार हो रही हैं।
प्रशिक्षण में शामिल महिलाओं का कहना है कि यह कार्यक्रम उनके लिए जीवन बदलने वाला अवसर साबित हो रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे स्वरोजगार के क्षेत्र में कदम रखकर अपने सपनों को नई उड़ान देना चाहती हैं।


एक टिप्पणी भेजें